
फुरकान अहमद के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने गंगनहर कोतवाली में दी तहरीर, बोले—मुकदमा नहीं हुआ तो होगा उग्र आंदोलन
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम के बाद कथित शुद्धिकरण किए जाने के मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। सोमवार को रुड़की ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं कलियर विधायक फुरकान अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गंगनहर कोतवाली पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ तहरीर दी। उन्होंने मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की।

कार्यकर्ताओं ने कोतवाली प्रभारी मणि भूषण श्रीवास्तव को तहरीर सौंपते हुए कहा कि हल्द्वानी में किया गया कथित शुद्धिकरण दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कृत्य को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेसियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष फुरकान अहमद ने कहा कि हल्द्वानी में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया शुद्धिकरण सीधे तौर पर दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में भेदभाव को बढ़ावा देती हैं और कांग्रेस इसे लेकर चुप नहीं बैठेगी।
रुड़की महानगर कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि यदि जल्द भाजपा नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेगी। प्रदेश महामंत्री अरविंद प्रधान ने कहा कि यह दलित समाज के अपमान का मामला है और आने वाले चुनाव में दलित समाज इसका जवाब देने के लिए तैयार है।
एसआईआर में फर्जी आपत्तियों का भी उठाया मुद्दा
इस दौरान विधायक फुरकान अहमद ने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान उनके नाम पर लगाई गई कथित फर्जी आपत्तियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। विधायक ने कहा कि किसी व्यक्ति की जानकारी और सहमति के बिना उसके नाम पर आपत्ति लगाना गंभीर मामला है। इसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री अरविंद प्रधान, राव शेर मोहम्मद, प्रदेश मंत्री प्रणय प्रताप, पार्षद चारु चंद, योगेश धीमान, नीरज सैनी, मकसूद हसन, गौरव प्रधान, राव मुन्ना, हाजी नौसाद, संजय तोमर, मदनपाल भड़ाना, भूषण त्यागी आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies