
दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::
रुड़की। जिला सहकारी बैंक के चुनाव को लेकर सोमवार को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करने में हुई देरी पर लोगों ने जमकर विरोध जताया। तय समय दोपहर तीन बजे तक सूची चस्पा नहीं होने पर चुनाव प्रक्रिया में धांधली की आशंका जताई गई। आरोप लगाया गया कि अधिकारियों और सरकार की ओर से किसी व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से सूची को जानबूझकर देर से प्रकाशित किया गया। विरोध बढ़ने के बाद करीब साढ़े छह घंटे की देरी से रात करीब साढ़े नौ बजे अंतिम मतदाता सूची तहसील में चस्पा की गई।

जिला सहकारी बैंक के चुनाव के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होनी है। इसके लिए सोमवार को दोपहर तीन बजे अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जानी थी। जिले के विभिन्न गांवों से लोग दिनभर सूची का इंतजार करते हुए तहसील परिसर में डटे रहे, लेकिन निर्धारित समय तक सूची चस्पा नहीं की गई। काफी देर इंतजार करने के बाद कई लोग देर शाम वापस लौट गए।
तहसील परिसर में देर रात तक मौजूद रहे जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची दोपहर तीन बजे प्रकाशित होनी थी, लेकिन शाम तक सूची नहीं लगाई गई। उन्होंने कहा कि जब लोगों ने इसका विरोध शुरू किया तो करीब रात साढ़े नौ बजे बैंक का एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तहसील पहुंचा और सूची को चस्पा किया।

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों से जानकारी ली। पुलिस की मौजूदगी में ही देर रात सूची चस्पा की गई। इसके बाद मामला शांत हुआ।सुरेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि सूची को निर्धारित समय पर प्रकाशित नहीं करना चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने आशंका जताई कि किसी व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने की नीयत से सूची को देर रात तक रोका गया। उन्होंने कहा कि दिनभर सूची के इंतजार में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों को बिना जानकारी के वापस लौटना पड़ा।
पूर्व चेयरमैन ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता जरूरी है। यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वह न्यायालय की शरण लेने से भी पीछे नहीं हटेंगे। वहीं देर रात सूची चस्पा होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन सूची जारी करने में हुई देरी को लेकर सवाल उठते रहे।इस अवसर पर अकरम प्रधान, राव रफला, राव राजू, शैलेन्द्र आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies