
भाजपा पर दलित और संविधान विरोधी मानसिकता का लगाया आरोप, दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद सामने आए कथित शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। बुधवार को झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक सैकड़ों वाहनों में सवार होकर रुड़की पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने एसपी देहात कार्यालय पहुंचकर मामले में तहरीर दी और मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान भाजपा सरकार पर दलित और संविधान विरोधी मानसिकता के साथ काम करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की गई।
कांग्रेस कार्यकर्ता अब्दुल कलाम चौक पर एकत्र हुए। यहां से सैकड़ों वाहनों में कार्यकर्ताओं का काफिला रुड़की एसबीआई रोड पहुंचा। इसके बाद कार्यकर्ता पैदल जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए तहसील स्थित एसपी देहात कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कथित शुद्धिकरण की घटना को दलित समाज के सम्मान से जोड़ते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि 21वीं सदी में जहां पूरी दुनिया कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक तकनीक की बात कर रही है, वहीं भाजपा आज भी छुआछूत और दलित विरोधी मानसिकता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान किसी एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है।
काजी निजामुद्दीन ने कहा कि दलितों के सम्मान के लिए पूरे देश में कांग्रेस एकजुट होकर सड़कों पर उतरकर आंदोलन कर रही है। भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता का जवाब कांग्रेस पूरी ताकत के साथ देगी।झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती ने कहा कि सरकार द्वारा लगातार दलित और पिछड़े समाज के साथ कथित तौर पर भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में दलित समाज अब जवाब देने के लिए सड़कों पर उतर चुका है।

उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे केवल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि दलित समाज के बड़े नेता और उनके हितों की लड़ाई लड़ने वाले व्यक्ति हैं। उनके कार्यक्रम के बाद मैदान का कथित शुद्धिकरण किया जाना बेहद निंदनीय है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समानता का अधिकार देता है और किसी भी प्रकार की छुआछूत या भेदभाव को स्वीकार नहीं किया जा सकता। प्रदर्शनकारियों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. गौरव चौधरी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा सामाजिक समानता, भाईचारे और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है।
उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ जाति या सामाजिक पहचान के आधार पर भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता। हल्द्वानी की घटना को लेकर उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता दलित, पिछड़े और वंचित समाज के सम्मान की लड़ाई मजबूती से लड़ते रहेंगे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies