
दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। अपराध नियंत्रण और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंगलौर पुलिस ने अब हाईटेक तकनीक का सहारा लेना शुरू कर दिया है। शनिवार को कोतवाली प्रभारी भगवान महर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कोतवाली क्षेत्र के संवेदनशील गांवों में ड्रोन कैमरे के माध्यम से सघन सर्च अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने गांवों में घरों की छतों की निगरानी करने के साथ ही पूरे क्षेत्र की वीडियोग्राफी भी की।
पुलिस टीम ने ग्राम मन्नाखेड़ी, लिब्बरहेड़ी समेत अन्य संवेदनशील गांवों में ड्रोन उड़ाकर घरों की छतों का जायजा लिया। अभियान के दौरान कई मकानों की छतों पर अनावश्यक रूप से बड़ी संख्या में ईंट-पत्थर और अन्य आपत्तिजनक सामान रखा मिला। पुलिस ने ऐसे मकानों को चिन्हित करते हुए उनकी सूची तैयार कर ली है।
कोतवाली प्रभारी भगवान महर ने बताया कि छतों पर अनावश्यक रूप से पत्थर जमा रखना शांति व्यवस्था के लिए खतरा पैदा कर सकता है। ऐसे सामान का इस्तेमाल असामाजिक तत्व माहौल खराब करने के लिए कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिन घरों की छतों पर बड़ी संख्या में पत्थर या अन्य आपत्तिजनक सामान मिला है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने मकान मालिकों और परिवारों को सख्त हिदायत दी है कि वे अपनी छतों से अनावश्यक रूप से रखे गए पत्थरों और अन्य आपत्तिजनक सामान को तत्काल हटा लें। पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने के लिए ड्रोन के माध्यम से सर्च अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से संवेदनशील क्षेत्रों में असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ संभावित घटनाओं को पहले ही रोकने में मदद मिलने की उम्मीद है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies