News

9/6/2026 6:25:00 PM

रुड़की में निकली भव्य रामडोल शोभायात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने किया भगवान श्रीकृष्ण का स्वागत

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। श्री सनातन धर्म रक्षिणी सभा की ओर से रविवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य रामडोल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में नगर के विभिन्न मंदिरों की 20 से अधिक आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े, सुसज्जित रथ और घोड़े शामिल रहे। मुख्य मार्गों से निकली शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान श्रीकृष्ण का स्वागत किया। पूरे मार्ग में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।

शोभायात्रा का शुभारंभ शाम तीन बजे पुरानी रेलवे रोड स्थित चोपड़ा की धर्मशाला से हुआ। विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा रात करीब सात बजे रामदयाल चौक मेन बाजार पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में माताएं, बहनें, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए।सभा के मंत्री सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि रुड़की ने एक बार फिर सनातन एकता की मिसाल पेश की है। नगरवासियों ने जिस उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान श्रीकृष्ण का स्वागत किया, वह सराहनीय है। उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए नगरवासियों, प्रशासन और मंदिर समितियों का आभार जताया।कार्यवाहक प्रधान सोहनलाल मित्तल ने कहा कि शोभायात्रा में दिखाई दिया अनुशासन और श्रद्धा रुड़की की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की मजबूती को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि लोगों की भागीदारी ने आयोजन को भव्य बना दिया।

कोषाध्यक्ष भगत स्वरूप ने बताया कि रात में सभी झांकियों का सम्मान समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलाकारों ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।मुख्य पुजारी सचिन शर्मा और रोहित शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से शोभायात्रा निर्विघ्न संपन्न हुई। यात्रा ने धर्म और सत्य की विजय का संदेश दिया।

उप-मंत्री गोपाल गुप्ता और नवीन अग्रवाल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सेवादारों, पुलिस प्रशासन और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार जताया। सभा पदाधिकारियों ने अगले वर्ष इससे भी भव्य आयोजन करने का संकल्प लिया।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies