News

9/8/2026 1:11:20 AM

ढंडेरा में कांग्रेस को झटका: राव मोईन दर्जनों समर्थकों संग जन निर्माण पार्टी में शामिल, विधायक उमेश कुमार ने दिलाई सदस्यता


दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::

ढंडेरा। आगामी चुनाव से पहले क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। ढंडेरा में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस को बड़ा झटका लगा, जब राव मोईन ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी छोड़कर 'जन निर्माण पार्टी' का दामन थाम लिया।


राव मोईन के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में खानपुर विधायक उमेश कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने राव मोईन और उनके समर्थकों को फूल-मालाएं पहनाकर और गुलदस्ता भेंट कर आधिकारिक रूप से जन निर्माण पार्टी की सदस्यता दिलाई।


सभा को संबोधित करते हुए खानपुर विधायक उमेश कुमार ने कहा कि राव मोईन के पार्टी में शामिल होने से संगठन को धरातल पर भारी मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि जन निर्माण पार्टी आगामी चुनावों में हरिद्वार जिले की सभी विधानसभा सीटों पर मजबूती से अपने प्रत्याशी उतारेगी।


चुनाव के बाद गायब हो जाते हैं कांग्रेस प्रत्याशी : राव मोईन

जन निर्माण पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद राव मोईन ने कहा कि वह पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे। कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी केवल चुनाव के वक्त वोट मांगने आते हैं। चुनाव खत्म होते ही उनका कोई अता-पता नहीं रहता और वे जनता की सुध तक लेने नहीं आते।


कार्यक्रम में मौजूद सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जन निर्माण पार्टी के पक्ष में जमकर नारेबाजी की और क्षेत्र के विकास के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।


Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies