News

9/8/2026 12:35:05 PM

पुराने मोबाइल-लैपटॉप होंगे उपयोगी, इनर व्हील क्लब ने शुरू किया अभियान

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::



रुड़की। पर्यावरण संरक्षण और ई-वेस्ट के उचित निस्तारण को लेकर रुड़की के पांचों इनर व्हील क्लबों ने संयुक्त रूप से ‘ई-वेस्ट संग्रह’ अभियान चलाया। इनर व्हील जोन-10, डिस्ट्रिक्ट-308 के तहत आयोजित कार्यक्रम में पुरानी और अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं को एकत्र कर उनके पुन: उपयोग की दिशा में पहल की गई।

कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन किरण जैन की गरिमामयी उपस्थिति रही। जोनल क्लब कोऑर्डिनेटर सीमा जैन ने ई-वेस्ट के बढ़ते खतरे और इसके उचित निस्तारण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इस पहल को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। अभियान के तहत पुराने लैपटॉप, मोबाइल फोन, चार्जर, सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान एकत्र किया गया।

कार्यक्रम में आईआईटी रुड़की के प्रोफेसर निखिल धवन अपनी टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने ई-वेस्ट के सुरक्षित संग्रह और उसके पुन: उपयोग की प्रक्रिया के बारे में सरल तरीके से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही तरीके से ई-वेस्ट का संग्रह और निस्तारण पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

इस अवसर पर इनर व्हील क्लब स्पार्कल्स की अध्यक्ष स्तुति गोयल, इनर व्हील क्लब रुड़की की अध्यक्ष संगीता परूथी, क्रिस्टल क्लब की अध्यक्ष कर्नल ममता, पर्ल क्लब की अध्यक्ष पूनम मंगल और पैसिफिक ग्रीन्स क्लब की अध्यक्ष रमा गुप्ता अपनी टीमों के साथ मौजूद रहीं।

जोनल काउंसलर सुजाता आहूजा और जोनल क्लब कोऑर्डिनेटर सीमा जैन ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पांचों क्लबों की अध्यक्षों ने संकल्प लिया कि अभियान को आगे बढ़ाते हुए रुड़की के स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को ई-वेस्ट के उचित संग्रह और निस्तारण के प्रति जागरूक किया जाएगा।

डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन किरण जैन ने अभियान की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रोजेक्ट को पूरे डिस्ट्रिक्ट में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन चांदनी मांगलिक और उपासना मित्तल ने किया। नगर मेयर अनीता अग्रवाल ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया। इस दौरान हेमा पंत, शशि कीर सहित इनर व्हील क्लब के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies