दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। केवल कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज में मंगलवार को निर्धन छात्राओं के लिए निशुल्क ड्रेस वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कॉलेज प्रबंधन की ओर से विद्यालय में अध्ययनरत करीब 650 छात्राओं को मुफ्त स्कूल यूनिफॉर्म वितरित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा रहे, जबकि अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष मोहिउद्दीन अंसारी ने की। अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान तभी सार्थक होगा, जब समाज की प्रत्येक बेटी को शिक्षा का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि केकेपी इंटर कॉलेज निर्धन परिवारों की बेटियों को निशुल्क शिक्षा, किताबें और यूनिफॉर्म उपलब्ध कराकर सराहनीय कार्य कर रहा है। सरकार भी बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
पालिका अध्यक्ष मोहिउद्दीन अंसारी ने कहा कि केकेपी इंटर कॉलेज मंगलौर का पुराना और भरोसेमंद कन्या विद्यालय है। विद्यालय में छात्राओं को शिक्षा के साथ संस्कार भी दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि उनके परिवार की कई पीढ़ियों ने इसी विद्यालय से शिक्षा प्राप्त की है। निर्धन छात्राओं की फीस से लेकर यूनिफॉर्म तक की जिम्मेदारी उठाना संस्था का महत्वपूर्ण सामाजिक योगदान है।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ. रवीन्द्र कपूर ने कहा कि संस्था का उद्देश्य है कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी बेटी शिक्षा से वंचित न रहे। भविष्य में भी छात्राओं के हित में इस तरह की योजनाएं जारी रखी जाएंगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन चाहता है कि यहां की छात्राएं पढ़-लिखकर डॉक्टर, इंजीनियर और शिक्षक बनें तथा देश की सेवा करें।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को निशुल्क यूनिफॉर्म वितरित की गई। ड्रेस मिलने पर छात्राओं के चेहरे पर खुशी नजर आई। इस अवसर पर प्रधानाचार्या, विद्यालय का समस्त स्टाफ, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies