
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए कलियर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटरों और मादक पदार्थों से जुड़े सूचीबद्ध व्यक्तियों पर निगरानी बढ़ा दी है।बृहस्पतिवार को कोतवाली में सूचीबद्ध अपराधियों की परेड कराकर उनकी नामवार हाजिरी ली गई।और उनके वर्तमान पते, कामकाज व चाल-चलन की जानकारी जुटाकर गतिविधियों का सत्यापन किया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के सभी सूचीबद्ध हिस्ट्रीशीटरों और मादक पदार्थों से संबंधित व्यक्तियों को कोतवाली बुला कर एक-एक की हाजिरी ली गई और उनसे वर्तमान में कहां रहने तथा क्या काम करने की जानकारी ली। साथ ही उनके चाल-चलन और मौजूदा गतिविधियों के बारे में भी जानकारी जुटाई गई।पुलिस का उद्देश्य यह पता लगाना है कि पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोग वर्तमान में क्या कर रहे हैं और कहीं दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में तो सक्रिय नहीं हैं।
सभी को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति दोबारा अपराध में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सूचीबद्ध अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। समय-समय पर उनका सत्यापन भी किया जा रहा है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies