दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। हनुमान कॉलोनी में बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन झपटने के मामले का गंगनहर पुलिस ने खुलासा करते हुए महिला के ही किरायेदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई चेन और पेंडल बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने चेन झपटने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को हनुमान कॉलोनी निवासी अनीता गुप्ता ने तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। मामले में कोतवाली गंगनहर में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक मणि भूषण श्रीवास्तव ने पुलिस टीमों का गठन किया। सीआईयू रुड़की को भी जांच में लगाया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक व्यक्ति चेहरा और सिर कपड़े से ढककर घटना के बाद जाता दिखाई दिया। तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को आरोपी की पहचान सूरज पुत्र दिलबर सिंह निवासी डूंगरी, रोपड़, रूपनगर, पंजाब के रूप में हुई।
पुलिस टीम आरोपी की तलाश में अनीता गुप्ता के घर पहुंची। पूछताछ में पता चला कि सूरज उसी मकान की दूसरी मंजिल पर किरायेदार के रूप में रहता है। पुलिस ने उसके कमरे में पहुंचकर पूछताछ की तो उसने चेन झपटने की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर कमरे की खुली अलमारी से पीली धातु की एक चेन और पेंडल बरामद किया गया। मौके पर मौजूद पीड़िता की बेटी पवित्रा गुप्ता ने बरामद चेन और पेंडल को अपनी मां का बताया।
पुलिस ने आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर लिया। मुकदमे में बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी की उम्र 29 वर्ष बताई गई है।पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मणि भूषण श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक संतोष सेमवाल, हेड कांस्टेबल संदीप यादव, कांस्टेबल धीरेंद्र और पीआरडी मुकेश शामिल रहे। सीआईयू रुड़की टीम में एएसआई अश्वनी यादव, हेड कांस्टेबल मनमोहन भंडारी, कांस्टेबल अजय काला, रविन्द्र खत्री, राहुल नेगी, महिपाल तोमर और आशीष शर्मा शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies