परिजनों ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर की शिकायत, पुलिस ने जांच का दिया आश्वासन
दैनिक रुड़की ब्यूरो::
रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति की पालतू बिल्ली की डिलीवरी के दौरान मौत हो गई। बिल्ली की मौत के बाद परिजनों ने पेट क्लीनिक के चिकित्सक पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसके पास एक पालतू बिल्ली थी। गर्भवती होने के बाद डिलीवरी के लिए उसे हरिद्वार रोड स्थित माजरा के समीप एक पेट क्लीनिक में ले जाया गया था। आरोप है कि क्लीनिक में डिलीवरी के दौरान बिल्ली की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। बिल्ली की मौत के बाद युवक ने चिकित्सक के समक्ष विरोध जताते हुए उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया।
इसके बाद युवक अपनी पत्नी और बच्ची के साथ सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले की शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है।बताया गया है कि संबंधित पेट क्लीनिक में पूर्व में भी हंगामा हो चुका है। अब डिलीवरी के दौरान पालतू बिल्ली की मौत के मामले ने क्लीनिक की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बिल्ली की मौत चिकित्सकीय लापरवाही के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies