
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर 11 सितंबर 2026 को रुड़की में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, सिविल लाइंस शाखा के सामने आयोजित इस प्रदर्शन में क्षेत्र के विभिन्न बैंकों से जुड़े 250 से अधिक कर्मचारियों ने भाग लिया और सरकार से तुरंत 5-डे बैंकिंग (पाँच दिवसीय कार्य सप्ताह) व समान परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना लागू करने की मांग की।

मांगों के प्रमुख बिंदु और प्रदर्शन का कारण:
5-Day Banking की त्वरित मंजूरी: वर्ष 2023 में IBA और सरकार द्वारा 5-डे बैंकिंग पर सैद्धांतिक सहमति बनने के बावजूद दो साल बाद भी इसे लागू नहीं किया गया है।
समान PLI इंसेंटिव: प्रदर्शनकारियों ने सभी बैंकों में एक समान परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम लागू करने की मांग रखी।

Work-Life Balance: बढ़ते कार्यभार, स्टाफ की कमी, डिजिटल बैंकिंग के दबाव और लक्ष्य-आधारित तनाव को कम करने के लिए सप्ताह में दो दिन के अवकाश को जरूरी बताया गया।
आंदोलन को तेज करने और हड़ताल की चेतावनी: UFBU नेताओं ने साफ किया कि यदि सरकार ने उनकी जायज मांगों पर शीघ्र फैसला नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा:
28 से 30 सितंबर 2026: 3 दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल।
26 अक्टूबर 2026 से: मांगों का समाधान न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल।

इस प्रदर्शन का नेतृत्व UFBU रुड़की इकाई के संयोजक मन्नू माकिन (राज्य सचिव, CBEU), विशाल गुप्ता (DGS, SBI) और शशांक भारद्वाज (महासचिव, PNBOF) सहित AIBEA, AIBOC, NCBE, AIBOA, BEFI, INBEF और INBOC के प्रमुख पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में बैंककर्मियों ने किया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies