बिपिन रावत की प्रतिमा स्थापना, 512 फाटक पर ओवरब्रिज और नाले के लिए बजट देने का आग्रह
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। ढंडेरा नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी रहे रवि राणा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर नगर पंचायत ढंडेरा की विभिन्न जनसमस्याओं और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर विस्तृत पत्र सौंपा। उन्होंने मुख्यमंत्री से क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक बजट और स्वीकृति दिलाने का अनुरोध किया।
रवि राणा ने कैंटोनमेंट बोर्ड से नगर पंचायत ढंडेरा तक किसी उपयुक्त स्थान पर देश के प्रथम सीडीएस स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत की प्रतिमा स्थापित करने की मांग की। इसके अलावा हरिजन बस्ती से दिल्ली रोड तक नाले के निर्माण के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने तथा राज्य योजना के प्रस्तावों के लिए आवश्यक धनराशि आवंटित करने का आग्रह किया।
उन्होंने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्या को देखते हुए 512 फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। साथ ही ढंडेरा क्षेत्र में पांच बड़ी हाईमास्ट लाइटें लगाने का अनुरोध किया, जिससे क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था के साथ सुरक्षा भी बेहतर हो सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रवि राणा की ओर से रखे गए सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। रवि राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग से ढंडेरा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने और लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की उम्मीद है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies