News

9/12/2026 5:53:46 PM

मोदी के जन्मदिन पर भाजपा मनाएगी सेवा और जनभागीदारी का पखवाड़ा

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम, आशीर्वाद का दीया और नमो सेवा गाथा होंगे प्रमुख आकर्षण


दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा जिला रुड़की की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने बताया कि पखवाड़े के दौरान सामाजिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रबुद्ध सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे।

जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक सागर गोयल और अक्षय प्रताप ने बताया कि अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें नागरिक अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देंगे। वहीं ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर विद्यालयों में राष्ट्रव्यापी चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

उन्होंने बताया कि ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से नुक्कड़ नाटकों के जरिए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा कार्यों और देश में हुए बदलावों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। इसके लिए स्थानीय कलाकारों और युवाओं की टोली तैयार की जाएगी, जो सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों और सामुदायिक क्षेत्रों में प्रस्तुतियां देगी।

इसी तरह ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों और माताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। यहां स्वास्थ्य, पोषण और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी तथा बच्चों के लिए मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित होंगी।

डॉ. मधु सिंह ने कहा कि अभियान में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्थानीय कलाकारों तथा आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी। जिला एवं मंडल स्तर पर कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं, जिससे अभियान को व्यापक रूप से संचालित किया जा सके।प्रेस वार्ता में जिला उपाध्यक्ष संजय अरोरा, भाजपा नेता महेंद्र काला, जिला मीडिया प्रभारी पंकज नंदा, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष आदित्य रोड, महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलकमल शर्मा, मंडल अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, अवनीश शर्मा, सभासद आकाशदीप गौतम, अंकित गौतम आदि मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies