दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, सोमवार को जल संस्थान कार्यालय में धरने की चेतावनी
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। गणेशपुर में सड़क धंसने और मकानों में आई दरारों के मामले को लेकर शनिवार को महानगर कांग्रेस के बैनर तले धरना दिया गया। इस दौरान मौके पर कार्य कर रहे भाजपा पार्षद कुलदीप तोमर और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। मामला बढ़ता देख भाजपा पार्षद मौके से चले गए, जिसके बाद कांग्रेस नेता दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए।
गणेशपुर में पिछले दिनों सड़क धंसने के साथ कई मकानों में दरारें आने का मामला सामने आया था। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने मौके का निरीक्षण किया था। इसके बाद नगर निगम की ओर से जेसीबी से एक मकान को ध्वस्त किया गया। क्षेत्र में इससे पहले भी कई मकानों में दरारें आने और उनके धराशायी होने के मामले सामने आ चुके हैं। कांग्रेस नेताओं ने इन घटनाओं के पीछे वर्ष 2013-14 में डाली गई सीवरेज लाइन के कार्य में हुई कथित अनियमितताओं को जिम्मेदार बताया।
धरने के दौरान भाजपा पार्षद कुलदीप तोमर और कांग्रेस नेताओं के बीच जमकर बहस हुई। भाजपा पार्षद ने पूर्व मेयर गौरव गोयल पर आरोप लगाए, जिस पर गौरव गोयल ने अपने कार्यकाल के दौरान इस मामले को लेकर किए गए पत्राचार को सार्वजनिक करने की बात कही। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद पार्षद मौके से चले गए।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि एडीबी की ओर से करीब पांच सौ करोड़ रुपये की लागत से शहर में सीवरेज लाइन डालने का कार्य किया गया था, लेकिन सुविधा के बजाय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। गणेशपुर में पिछले कई वर्षों से लगातार मकानों के धंसने के मामले सामने आ रहे हैं। इससे कई मकान और लोगों की जान खतरे में है।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि उनके कार्यकाल में इस मामले को लेकर लगातार आवाज उठाई गई थी और संबंधित विभागों को कई पत्र भेजे गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार में शामिल लोगों पर कार्रवाई नहीं हो सकी।पूर्व प्रदेश महासचिव सचिन गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस इस मामले में अंत तक लड़ाई लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार लोगों के नाम सामने आने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि सोमवार को जल संस्थान कार्यालय में धरना दिया जाएगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की जाएगी।धरने के दौरान मौके पर पहुंचे जल संस्थान के जेई जुनैद गौड़ को भी कांग्रेस नेताओं ने जमकर खरी-खोटी सुनाई। इस अवसर पर पूर्व पार्षद संजय गुड्डू, मोहित त्यागी, गौरव त्यागी, उज्ज्वल शर्मा, मदनपाल भड़ाना, नीरज सैनी, उम्मेद गाजी, सन्नवर आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies