
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। उत्तरांचल बिजली कर्मचारी संघ की एक आवश्यक बैठक बिजली घर नंबर 6 कॉलोनी स्थित संगठन कार्यालय पर संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता दीपक शांडिल्य ने की और संचालन नीरज कपिल द्वारा किया गया।


बैठक में ऊर्जा निगम द्वारा उपनल कर्मचारियों से जबरन भ्रामक एग्रीमेंट भरवाए जाने पर कर्मचारियों ने गहरा आक्रोश प्रकट किया। वक्ताओं ने कहा कि एक ओर जहां माननीय मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद कर्मचारियों में नियमितीकरण की उम्मीद जगी थी, वहीं दूसरी ओर माननीय सुप्रीम कोर्ट और माननीय हाईकोर्ट नैनीताल के आदेशों के बावजूद शासन व प्रबंधन द्वारा कोर्ट के फैसलों का पालन न कर अवमानना की जा रही है।


बैठक के मुख्य बिंदु पर कुलदीप शर्मा ने आरोप लगाया कि ऊर्जा निगम प्रबंधन द्वारा आए दिन नए-नए भ्रामक आदेश जारी कर कर्मचारियों पर दबाव बनाया जा रहा है। कर्मचारियों ने मांग की कि इस मामले में केंद्रीय कमेटी को पत्र भेजकर तत्काल उचित कार्रवाई की जाए। अध्यक्ष दीपक शांडिल्य ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि पूरे विषय से केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराया जा रहा है। वहीं वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि प्रबंधन ने जबरन एग्रीमेंट भरवाने की नीति बंद नहीं की और अदालती आदेशों का पालन नहीं किया, तो संगठन मजबूरन बड़े आंदोलन का रास्ता अख्तियार करेगा।

बैठक में लक्सर, भगवानपुर, रुड़की सिडकुल, बहादराबाद और हरिद्वार से आए कर्मचारियों ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान मुख्य रूप से कुलदीप शर्मा, रविंद्र कुमार, सचिन चौहान, मुकेश कुमार, विकास गुप्ता, सर्वेश कुमार, नीरज कपिल, पुष्कर सिंह, दिगंबर ध्यानी, दीपक थापा, निर्भय कुमार और मयंक चौहान समेत कई कर्मचारी उपस्थित रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies