पानी की दुर्गंध, जहरीले सांप और कीड़ों से बना जान का खतरा, बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। नगर निगम क्षेत्र के कृष्णानगर स्थित गली नंबर 20 में लंबे समय से जलभराव की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों का मंगलवार को गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में गलीवासियों ने नगर निगम पहुंचकर मेयर अनीता अग्रवाल के कार्यालय के बाहर धरना दिया और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
धरने पर बैठे स्थानीय लोगों ने बताया कि गली नंबर 20 में लंबे समय से पानी भरा हुआ है। जलभराव के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना और आवागमन करना मुश्किल हो गया है। गंदे पानी से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास का वातावरण भी दूषित हो रहा है। लोगों का कहना है कि जलभराव वाले पानी में जहरीले सांप और अन्य कीड़े भी दिखाई देते हैं, जिससे हर समय बच्चों और स्थानीय लोगों की जान का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जलभराव के कारण बच्चों को स्कूल जाने में भी परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि नगर निगम की ओर से कई बार अस्थायी समाधान किया जाता है, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति फिर जस की तस हो जाती है। इससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
लोगों ने नगर निगम अधिकारियों और मेयर से मांग की कि जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्थायी निकासी व्यवस्था कराई जाए, ताकि गलीवासियों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से निजात मिल सके।
धरना-प्रदर्शन करने वालों में मोंटू, सन्नी सैनी, अर्चना चौधरी, सुधांशु, वंशिका, अमीता कर्णवाल, सुमन देवी, पूजा देवी, राधिका, मंजू लता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies