News

9/15/2026 9:03:47 PM

अनुशासनहीनता के आरोप में भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक पांडेय पदमुक्त

जिलाध्यक्ष बोलीं- वायरल ऑडियो से कार्रवाई का कोई संबंध नहीं, पूर्व विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष ने भी की थी शिकायत

दैनिक रुड़की ब्यूरो::


रुड़की। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉक्टर मधु सिंह ने लंढौरा मंडल अध्यक्ष अशोक पांडेय को उनके पद से मुक्त कर दिया है। उन पर पार्टी में अनुशासनहीनता बरतने का आरोप लगाया गया है। जिलाध्यक्ष की ओर से जारी पत्र में बताया गया कि पदमुक्त करने से पहले अशोक पांडेय को स्पष्टीकरण पत्र और अंतिम नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद पार्टी ने कार्रवाई अमल में लाई।

अशोक पांडेय के पद से हटाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ समय पहले वायरल हुई ऑडियो को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। वायरल ऑडियो में संगठन में एक पद देने के नाम पर जिलाध्यक्ष कार्यालय में एसी लगवाने की बात कही जाने का दावा किया गया था और इसमें अशोक पांडेय का नाम भी लिया गया था। हालांकि, उस समय भी ऑडियो की पुष्टि नहीं हुई थी।

अब कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे वायरल ऑडियो प्रकरण से जोड़ रहे हैं तो कुछ इसे अशोक पांडेय को ‘बलि का बकरा’ बनाए जाने से जोड़कर देख रहे हैं।वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष डॉक्टर मधु सिंह ने वायरल ऑडियो को कार्रवाई का आधार होने से साफ इनकार किया है। उन्होंने कहा कि अशोक पांडेय को पद से हटाने का ऑडियो से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि उनकी टीम के लोग ही उनसे खुश नहीं थे। इसके अलावा पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी की ओर से भी अशोक पांडेय को पद से हटाने के संबंध में पत्र दिए गए थे। इसके बाद पार्टी स्तर पर कार्रवाई की गई है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies