100 से अधिक परिवारों की भूमि को लेकर उठे सवाल, निष्पक्ष जांच और पूर्व स्थिति बरकरार रखने की मांग
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। ग्राम टोडा कल्याणपुर में भूमि एवं चकबंदी से जुड़ी समस्याओं को लेकर 100 से अधिक ग्रामीण परिवारों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने भूमि पर कथित कब्जे के प्रयास और चकबंदी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्रामीणों की शिकायत पर भारतीय किसान यूनियन (रोड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम सिंह रोड संगठन के पदाधिकारियों एवं सैकड़ों ग्रामीणों के साथ रुड़की तहसील स्थित जिला चकबंदी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने जिला बंदोबस्त अधिकारी टीकम सिंह से मुलाकात कर ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराया।

ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी भूमि से संबंधित चकबंदी प्रक्रिया में ऐसी गतिविधियां की जा रही हैं, जिससे भविष्य में उनकी जमीनों की स्थिति प्रभावित हो सकती है। ग्रामीणों ने मामले में ग्राम जलालपुर निवासी यूसुफ के चकबंदी संबंधी कार्यों में शामिल होने को लेकर भी सवाल उठाए और इसकी जांच की मांग की।
इस दौरान पदम सिंह रोड ने जिला बंदोबस्त अधिकारी से कहा कि पूर्व में ग्रामीणों की भूमि के संबंध में जिस प्रकार चकबंदी प्रक्रिया पूरी की गई है, उस स्थिति को यथावत रखा जाए और भविष्य में चकबंदी के नाम पर ग्रामीणों की भूमि में किसी प्रकार का अनावश्यक फेरबदल न किया जाए।
ग्रामीणों ने मांग की कि उनकी भूमि से संबंधित राजस्व अभिलेखों की जांच, मौके पर पैमाइश तथा चकबंदी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता, भूमि अभिलेखों में हेराफेरी, अवैध कब्जे का प्रयास या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि भूमि से जुड़ा मामला लंबे समय से चला आ रहा है और उन्हें लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो भारतीय किसान यूनियन (रोड) के नेतृत्व में आंदोलन किया जाएगा।वहीं, जिला बंदोबस्त अधिकारी टीकम सिंह ने ग्रामीणों को मामले की जांच कराने और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान संतोष, लीला, विजेंद्र कुमार, सुरेंद्र, अरविंद, तेजपाल, सतपाल, योगेंद्र, राजकुमार, परमिंदर, रविंद्र, सुशील, राकेश, धूम सिंह, बेशर्म सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे। भारतीय किसान यूनियन (रोड) की ओर से सतीश कुमार, शिव मोहन, छोटा, सतीश सेवाराम सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies