दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। गन्ना समिति लिब्बरहेड़ी के चौधरी चरण सिंह सभागार में आगामी पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उत्तम शुगर मिल लिब्बरहेड़ी, गन्ना समिति लिब्बरहेड़ी एवं गन्ना विकास परिषद लिब्बरहेड़ी के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में पेराई सत्र को सुचारु रूप से संचालित करने और गन्ना किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने किसानों की गन्ना आपूर्ति, तौल, पर्ची, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस अवसर पर गन्ना समिति के अध्यक्ष प्रतिनिधि सुशील राठी ने कहा कि आगामी पेराई सत्र में गन्ना किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए समय से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी का प्राथमिक उद्देश्य गन्ना किसानों की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। किसानों की सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि पेराई सत्र सुचारु और व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके। बैठक में समिति के उपाध्यक्ष विनोद कुमार, प्रभारी ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अमित कुमार सैनी, सचिव प्रभारी अनन्त सिंह, उत्तम शुगर मिल के गन्ना उप महाप्रबंधक पवन जैनर, गन्ना प्रबंधक विकास चौधरी, गन्ना विकास निरीक्षक अक्षय शर्मा, अंगिरा सिंह सहित गन्ना विकास परिषद के सभी गन्ना पर्यवेक्षक, गन्ना समिति के कर्मचारी और चीनी मिल के सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies