
दैनिक रुड़की ब्यूरो::
रुड़की। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर सफाई दी है। उन्होंने मां और उत्तराखंड की धरती की सौगंध लेते हुए कहा कि उन्होंने कभी किसी को नौकरी दिलाने के बदले पैसे नहीं लिए और न ही इसके एवज में किसी से चाय-पानी तक लिया। रावत ने कहा कि उनके खिलाफ कलंक लगाने का प्रयास किया जा रहा है और वह इस कथित कलंक को धोने के लिए आखिरी दम तक संघर्ष करेंगे।
रावत की यह पोस्ट उनके पूर्व ओएसडी और वर्तमान निजी सहायक चंदन सिंह जीना के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के बाद सामने आई है। ईडी की कार्रवाई 2016 की उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी भर्ती में कथित अनियमितताओं से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत हुई थी। एजेंसी के अनुसार तलाशी के दौरान करीब 32 लाख रुपये की नकदी, सोना और महंगी घड़ियां बरामद की गई थीं। 
इसके बाद रावत ने कांग्रेस के अपने संगठनात्मक पदों से हटने की घोषणा की थी। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया था कि उनका कांग्रेस पार्टी छोड़ने का इरादा नहीं है।अब अपनी ताजा पोस्ट में रावत ने लिखा कि उनकी तीन माताएं हैं—जगत जननी मां दुर्गा, जन्म देने वाली मां और उत्तराखंड की धरती मां। उन्होंने कहा कि उम्र के इस पड़ाव में उन्हें बदनाम करने की मुहिम चलाई जा रही है।
रावत ने दावा किया कि वर्ष 2017 और 2022 में भी उनके खिलाफ झूठ गढ़े गए थे, लेकिन उनके अनुसार उन आरोपों के कोई साक्ष्य सामने नहीं आए।उन्होंने कहा, “मैं इस कलंक के साथ मरना नहीं चाहता मां।” रावत ने मां जगदंबा से प्रार्थना करते हुए कहा कि जब तक वह इस कथित कलंक को धो न दें, तब तक उनकी जिंदगी की डोर और सांसें चलती रहें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य साथ दे या न दे, उन्हें अपनी सफाई देने के लिए लोगों के बीच जाना ही पड़ेगा।
रावत ने राजनीतिक पद देने के बदले भी किसी से पैसे लेने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने हजारों लोगों की कामकाज और अन्य मामलों में सिफारिश की, लेकिन कभी किसी से सौदा नहीं किया।चंदन जीना का जिक्र करते हुए रावत ने कहा कि वह वर्षों तक उनके साथ छाया की तरह काम करते रहे हैं और अब उनकी जिंदगी भर की कमाई सीज होने से उनके परिवार और बच्चों की आजीविका को लेकर भी चिंता है।
पोस्ट के अंत में रावत ने भावुक अंदाज में लिखा कि उन्होंने हर काम को मां को साक्षी मानकर किया है और अब वह अपनी सफाई के लिए संघर्ष करेंगे। उन्होंने मां से अपनी रक्षा करने की लगातार प्रार्थना भी की।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies