News

9/19/2026 1:11:40 PM

अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि पर निकला मौन जुलूस

वीआईपी का खुलासा और दोषियों को कठोर सजा देने की मांग, शिव चौक पर दी श्रद्धांजलि


दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि पर अशोक नगर क्षेत्रीय विकास समिति एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संघर्ष समिति के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को मौन जुलूस निकाला गया। जुलूस शिव चौक, बुचड़ी फाटक से शुरू होकर प्राचीन शिव मंदिर, ढंडेरा और शिवालिक पब्लिक स्कूल होते हुए वापस शिव चौक पहुंचा। इस दौरान अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की पहचान सार्वजनिक करने और दोषियों को कठोर सजा देने की मांग उठाई गई।

समिति के केंद्रीय अध्यक्ष हर्ष प्रकाश काला ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैप्टन जीवनानंद बुडाकोटी ने कहा कि उत्तराखंड में इस तरह की घटना होना देवभूमि और सैन्यभूमि का अपमान है। उन्होंने लोगों से अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।

राज्य आंदोलनकारी राजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन को और तेज करने की जरूरत है। देव सिंह सांवत ने कहा कि चार वर्ष बीतने के बावजूद दोषियों को सजा न मिलना चिंता का विषय है। सुशील रावत, अनिल उप्रेती, शकुंतला सती, रीतू कंडियाल जुयाल और सुरेश कुकरेती ने भी न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने की बात कही।

इस दौरान सीबीआई के केंद्रीय निदेशक और उत्तराखंड प्रभारी देहरादून को ज्ञापन भेजकर मामले में शीघ्र कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग की गई। जुलूस के अंत में शिव चौक पर दीप जलाकर दो मिनट का मौन रखा गया और अंकिता भंडारी की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

मौन जुलूस में महामंत्री शिव चरण बिंजौला, दिनेश नेगी, सरोज बड़थ्वाल, रामेश्वरी खंतवाल, विद्या नेगी, ज्योति प्रसाद कोटनाला, सुरेंद्र सिंह बिष्ट, एचडी देवरानी, पितांबर देवरानी, हुक्म सिंह बिष्ट, जगदीश खड़ायत, सुरेश बिष्ट, जस राम ढौंडियाल, विजय सिंह रावत, कुलदीप नेगी, वीरेंद्र बिष्ट, ललित पंत, चेता रावत, मालती नेगी, मुकेश चमोली, हयात सिंह रौथाण, महादेव पांडेय, सूरज राणा, बीएस बिष्ट, एचएस बिष्ट, शुभम, रामेश्वर चंदोला, केआर बंगवाल, भारत सिंह चौहान समेत सैकड़ों स्थानीय निवासी शामिल रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies