दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पथरी। अवैध असलहा के मामले में जेल की हवा खाकर बाहर आया युवक कथित तौर पर फिर सुर्खियों में आ गया। आरोप है कि जेल से लौटने के बाद उसने थाना परिसर में ही रील बनाई और उसे इंटरनेट मीडिया पर अपलोड कर दिया। इसके बाद क्षेत्र में कथित तौर पर हुड़दंग मचाते हुए राहगीरों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। शिकायत मिलने पर हरकत में आई पथरी पुलिस ने युवक को मौके से हिरासत में ले लिया।
पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपित के माफी मांगने की बात भी सामने आई है।रविवार को पथरी पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को ग्राम सुकरासा में एक युवक के सड़क पर राहगीरों को परेशान करने की सूचना मिली। बताया गया कि लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया तो वह कथित तौर पर मारपीट पर उतारू हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, युवक गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करते हुए उत्तेजित अवस्था में मिला।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वह शांत नहीं हुआ। स्थिति बिगड़ने और किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने विनीत पुत्र ब्रह्मपाल, निवासी ग्राम धारीवाला, थाना पथरी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। टीम में उपनिरीक्षक महेंद्र पुंडीर और अपर उपनिरीक्षक जसवंत बिष्ट शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies