News

9/21/2026 6:26:09 PM

बारिश की आड़ में बंद घर में घुसे चोर-1100 सीसीटीवी कैमरों ने खोला चोरी का राज-16 दिन तक पीछा करती रही पुलिस-बाइक लेने पहुंचे चोर दबोचे-चोरी का माल और चुराई बाइक भी की बरामद..

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


नरेन्द्रनगर। भारी बारिश और घने कोहरे को चोरी के लिए मुफीद समझकर बंद मकान का ताला तोड़ने वाले शातिर चोर पुलिस के शिकंजे में आ गए। वारदात के बाद आरोपी हरिद्वार, सहारनपुर, अंबाला, चंडीगढ़, जयपुर, मुंबई, दिल्ली, हल्द्वानी और नैनीताल तक भागते रहे।नरेन्द्रनगर पुलिस ने करीब 1100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर उनके भागने के रास्ते का पीछा कर चोरी की बाइक लेने ऋषिकेश पहुंचेने पर दो चोरों को पकड़ लिया और उनके कब्जे से चोरी किए गए जेवर व वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है।तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जम्मू रवाना हो गई।



चार सितंबर को दीवान लॉज निवासी सौरभ धमान्दा ने घर का ताला तोड़कर जेवर चोरी करने की तहरीर देकर पुलिस से चोरों को गिरफ्तार करने और चोरी किए गए जेवर बरामद करने की मांग की थी।पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी श्वेता चौबे के निर्देश पर गठित टीम ने मामले के खुलासे के लिए घटनास्थल से लेकर ऋषिकेश, रानीपोखरी, देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, सहारनपुर, अंबाला, यमुनानगर, सोलन और हल्द्वानी तक करीब 1100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी ऋषिकेश के नटराज चौक के पास बाइक छोड़कर फरार हो गए थे।20 सितंबर को फरार आरोपी बाइक को लेने दोबारा ऋषिकेश पहुंचने पर मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने देहरादून-ऋषिकेश मार्ग पर फ्लाईओवर के पास से शहनवाज और जाहिद उर्फ अतीक को गिरफ्तार कर लिया और फरार आरोपी मोहम्मद रफीक निवासी ढोडला बन्सीली थाना कटआ, उम्र करीब 28 वर्ष के जम्मू जाने की जानकारी मिलने पर उसकी तलाश के लिए टीम रवाना हो गई है।पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से दो कान के झुमके,एक मांग टीका, महिला अंगूठी, नाक की नथ, तीन मंगलसूत्र, एक जोड़ी कान के कुंडल समेत अन्य पीली धातु के आभूषण बरामद किए। इसके अलावा सोलन हिमाचल प्रदेश से चोरी की गई मोटरसाइकिल और घटना के समय पहनी लाल टोपी और ‘Puma’ लिखी काली टी-शर्ट भी बरामद की है।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि एक सितंबर को सोलन से बाइक चोरी करने के बाद वे चंडीगढ़, हरिद्वार और ऋषिकेश पहुंचे थे।चार सितंबर को भारी बारिश और घने कोहरे के दौरान रानीपोखरी के जंगल वाले रास्ते से नरेन्द्रनगर पहुंचे और बंद मकान को निशाना बनाया। चोरी के बाद वे कई शहरों में घूमते रहे, लेकिन जेवरों की सही कीमत नहीं मिलने के कारण उन्हें बेच नहीं सके और बाद में बाइक लेने ऋषिकेश पहुंचे थे। करीब 1100 कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपितों तक पहुंचना पुलिस की सतर्कता और लगातार की गई मेहनत को दर्शाता है।टीम में नरेंद्र नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवराज शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह भंडारी,प्लासडा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येंद्र नेगी,आगराखाल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आमिर खान, अपर उपनिरीक्षक शांति प्रसाद डिमरी,हैड कांस्टेबल शेखर सिंह, संजय रावत,संतोष कुमार,अवतार राणा,कर्ण सिंह,आशीष गुड़ियाल,अरुण रावत सीआईयू टीम में प्रभारी उप निरीक्षक ओमकान्त,अपर उप निरीक्षक सुन्दर,आशिष नेगी,नीरज शुक्ला,अशोक,पदम शामिल रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies