दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। धनौरी क्षेत्र के शिवदासपुर उर्फ तेलीवाला के जंगल में गोकशी की सूचना पर उत्तराखंड गोवंश संरक्षण स्क्वायड और कलियर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पॉपलर के खेत में दबिश देकर मौके से 2 क्विंटल 80 किलो मांस, गोवंशीय पशु का कटा सिर, खाल और चार खुर बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। चार आरोपी खेत और गन्ने की फसल की आड़ लेकर फरार हो गए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि देर रात मुखबिर से शिवदासपुर उर्फ तेलीवाला के जंगल में गोकशी की सूचना मिली थी। सूचना पर गोवंश संरक्षण स्क्वायड और कलियर पुलिस की टीम ने पॉपलर के खेत में दबिश दी। पुलिस ने मौके से तौकीर निवासी शिवदासपुर उर्फ तेलीवाला को गिरफ्तार कर उसके पास से दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके साथ चार अन्य लोग भी शामिल थे। पुलिस की कार्रवाई के दौरान चारों आरोपी खेतों और गन्ने की फसल की आड़ लेकर फरार हो गए। आरोपी ने पुलिस को बताया कि गोवंशीय पशुओं को तेलीवाला स्थित एक डेयरी से लाया गया था। पुलिस ने डेयरी का निरीक्षण कर चार गाय, दो बछिया और एक बैल समेत आठ गोवंशीय पशु भूखे-प्यासे हालत में मिले। पुलिस ने सभी पशुओं को कब्जे में लेकर गोशाला भेज दिया और आरोपी के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।जहां से उसे जेल भेज दिया गया।और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies