News

9/23/2026 3:00:25 PM

जाति जनगणना में वैज्ञानिक गणना की मांग, कांग्रेस ओबीसी विभाग ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::



रुड़की। कांग्रेस ओबीसी विभाग उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. गौरव चौधरी और जिलाध्यक्ष चौधरी मोहम्मद मुबशशीर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुधवार को तहसीलदार विकास अवस्थी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आगामी जनगणना में जातियों की गणना की पद्धति को वैज्ञानिक, प्रमाणित और एकरूप बनाने की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि केवल व्यक्ति से उसकी जाति पूछ लेना पर्याप्त नहीं है। एक ही जाति के अलग-अलग नाम, पर्यायवाची नाम, क्षेत्रीय नाम, उच्चारण और वर्तनी के अंतर के कारण एक समुदाय की आबादी अलग-अलग प्रविष्टियों में बंट सकती है। इससे विशेष रूप से ओबीसी, अति पिछड़े, कारीगर और परंपरागत व्यवसायों से जुड़े समुदायों के आंकड़े प्रभावित होने की आशंका है।

कांग्रेस ओबीसी विभाग ने मांग की कि जनगणना में ओबीसी की स्पष्ट श्रेणी का प्रावधान किया जाए। प्रत्येक मान्यता प्राप्त जाति और समुदाय को विशिष्ट वैज्ञानिक कोड दिया जाए तथा प्रमाणित पर्यायवाची और क्षेत्रीय नामों को उसी कोड से जोड़ा जाए। इसके साथ ही राज्यवार मानकीकृत जाति मास्टर सूची तैयार करने और डिजिटल जनगणना में खोज योग्य ड्रॉप-डाउन व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।

ज्ञापन में जाति जनगणना की पद्धति तय करने से पहले समाजशास्त्रियों, सामाजिक मानवशास्त्रियों, जनसांख्यिकी विशेषज्ञों, सांख्यिकीविदों, जनगणना एवं आंकड़ा प्रबंधन विशेषज्ञों, सामाजिक न्याय विशेषज्ञों तथा सामाजिक और जाति संगठनों के प्रतिनिधियों की उच्चस्तरीय समिति गठित करने की मांग भी रखी गई।इसके अलावा तेलंगाना के सामाजिक-आर्थिक, शैक्षिक, रोजगार एवं राजनीतिक जाति सर्वेक्षण से जुड़े विशेषज्ञों के अनुभव को भी जाति जनगणना की पद्धति में शामिल करने का आग्रह किया गया। ज्ञापन में कहा गया कि सही आंकड़ों के आधार पर ही शिक्षा, रोजगार, आरक्षण, कल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक प्रतिनिधित्व से जुड़ी प्रभावी नीतियां तैयार की जा सकती हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जाति पूछना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि जाति को सही तरीके से गिनना भी जरूरी है। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस ओबीसी विभाग आशीष सैनी, प्रदेश कोऑर्डिनेटर डॉक्टर रणबीर नागर, शाहिद हसन, कमर मामून, फहीम साबरी, राव रिफ़ाकात, दानियाल मिर्ज़ा, सरफराज मिर्जा, सलीम अहमद, रऊफ अहमद, फारूक अहमद, इरफान, इमरान, शमशाद, शिवम पवार, सुशील कश्यप ,जाकिर अंकित कुमार, राजा ,आकाश राठी, पूजा, हेमंत ,यश पवार, अनिकेत, सोनू, सलमान, अंकित, मोहसिन गौर, एहसान अली, मनीष चौधरी, गोल्डी चौधरी, मनोज कुमार ,शाहरुख अली, छोटन  आदि लोग उपस्थित रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies