दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मंडावली स्थित पूर्व मंत्री चौधरी करतार सिंह भड़ाना के कार्यालय से बुधवार को राजस्थान स्थित खाटू श्याम धाम के लिए 10 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

सुबह से ही भड़ाना के मंडावली स्थित कार्यालय पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। देखते ही देखते पूरे परिसर में सैकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। बसों को भाजपा कार्यकर्ताओं ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पूर्व मंत्री करतार सिंह भड़ाना स्वयं मौके पर मौजूद नहीं थे। प्रतिनिधियों ने सभी श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनकी कुशल और मंगलमय यात्रा की कामना की। जानकारी के अनुसार इन 10 बसों में करीब 500 से अधिक श्रद्धालु बाबा खाटू श्याम के दर्शनों के लिए रवाना हुए हैं।
सभी बसों में श्रद्धालुओं के खाने-पीने और अन्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया था। बताया जा रहा है कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब भड़ाना की ओर से इस तरह की धार्मिक यात्रा का आयोजन किया गया हो। इससे पहले भी धार्मिक स्थलों के लिए निःशुल्क बसें भेजी जाती रही हैं।
उनके करीबी बताते हैं कि भड़ाना का उद्देश्य धर्म के माध्यम से लोगों को जोड़ना और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करना है। धार्मिक यात्रा होने के बावजूद इसके सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने खुलकर भड़ाना का समर्थन किया। एक महिला श्रद्धालु ने कहा कि भड़ाना परिवार हमेशा से धर्म-कर्म में आगे रहा है और गरीब जनता की मदद करता है। वहीं एक बुजुर्ग समर्थक ने कहा कि भड़ाना नेता नहीं, हमारे परिवार के सदस्य जैसे हैं। हार-जीत तो लगी रहती है, लेकिन वे हमेशा हमारे बीच रहे हैं। इस बार मंगलौर की जनता उन्हें जरूर जिताएगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies