News

9/23/2026 7:25:00 PM

जुगाड़ वाहनों पर आरटीओ का बड़ा शिकंजा, 18 वाहन गैस कटर से कटवाए

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। क्षेत्र में लगातार कार्रवाई और सड़कों पर जुगाड़ वाहनों का संचालन बंद करने के निर्देशों के बावजूद इन वाहनों का संचालन जारी रहने पर आरटीओ प्रवर्तन टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने अभियान चलाकर 18 जुगाड़ वाहनों को मौके पर गैस कटर से कटवाकर नष्ट कर दिया।


बताया गया कि आरटीओ विभाग की ओर से पूर्व में भी जुगाड़ वाहनों के संचालकों को सड़कों पर वाहन न चलाने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद कई स्थानों पर इनका संचालन जारी रहा। इसी के बाद विभाग ने सख्त प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए 18 जुगाड़ वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।


कार्रवाई के दौरान एआरटीओ प्रवर्तन कृष्ण चंद्र पलाड़िया के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। टीम ने वाहनों को मौके पर ही गैस कटर से कटवाकर आगे इनके संचालन की संभावना समाप्त कर दी।कार्रवाई में हरीश रावल, राकेश थपलियाल, विजेंद्र प्रसाद, सहायक परिवहन निरीक्षक सोनू कटारिया, परिवहन आरक्षी विकास, सोहेब, अरुण, नीलम एवं वी. नेगी सहित विभागीय कर्मचारी शामिल रहे।


वहीं, कार्रवाई के बाद जुगाड़ वाहन संचालकों के सामने रोजगार का संकट खड़ा होने की बात भी सामने आ रही है। प्रभावित लोगों का कहना है कि इन वाहनों के माध्यम से वे अपनी आजीविका चला रहे थे। अब वाहनों के नष्ट होने के बाद उनके सामने रोजी-रोटी का सवाल खड़ा हो गया है।हालांकि परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा और नियमों के अनुपालन को लेकर यह कार्रवाई की गई है। दूसरी ओर, प्रभावित वाहन संचालकों की आजीविका को लेकर भी प्रशासन के सामने मानवीय पहलू पर विचार करने की मांग उठ रही है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies