
उमेश कुमार की सह पर वारदात कराने का लगाया आरोप, फार्म हाउस को बताया महिलाओं के उत्पीड़न का अड्डा
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। अमरोहा गैंगरेप प्रकरण को लेकर खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह ने वर्तमान विधायक उमेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नहर किनारा स्थित अपने कैंप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक उमेश कुमार की सह पर ही अमरोहा स्थित फार्म हाउस में महिला के साथ वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि, ये आरोप पूर्व विधायक ने लगाए हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
कुंवर प्रणव सिंह ने आरोप लगाया कि अमरोहा स्थित उमेश कुमार के फार्म हाउस पर एक महिला के साथ कुछ लोगों ने दुष्कर्म किया। उन्होंने फार्म हाउस को महिलाओं के उत्पीड़न का अड्डा बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।पूर्व विधायक ने कहा कि इस प्रकार के गंभीर अपराध के आरोपी व्यक्ति का देवभूमि उत्तराखंड में विधायक होना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने यह भी मांग की कि आगामी विधानसभा चुनाव में ऐसे गंभीर आरोपों से घिरे व्यक्ति को चुनाव लड़ने से रोका जाना चाहिए।उन्होंने आरोप लगाया कि उमेश कुमार अपने प्रभाव और रसूख के कारण कार्रवाई से बचते रहे हैं। पूर्व विधायक ने उमेश कुमार पर पूर्व में भी एक महिला से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो सामने आने का आरोप लगाया और कहा कि महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े मामलों की भी जांच होनी चाहिए।
कुंवर प्रणव सिंह ने कहा कि मामले में फार्म हाउस की सीडीआर की जांच की जानी चाहिए तथा वहां आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़िता को न्याय मिलना चाहिए और वारदात में शामिल लोगों पर कड़ा शिकंजा कसा जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों द्वारा आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसकी भी जांच होनी चाहिए।
कुंवर प्रणव सिंह ने कहा कि वह इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मांग करेंगे कि अमरोहा में जिस फार्म हाउस पर यह घटना हुई है उसके ऊपर बुलडोजर चलाना चाहिए
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies