
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्य की पूर्णता के अवसर पर शुक्रवार को साकेत क्षेत्र स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान के साथ ही बच्चों और लाभार्थी महिलाओं को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश मीडिया सह प्रभारी सावित्री मंगल के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान साकेत क्षेत्र के चार-पांच-छह आंगनबाड़ी केंद्रों की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का स्वागत एवं सम्मान किया गया। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र पर आने वाले बच्चों को पौष्टिक आहार वितरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थी महिलाओं का भी स्वागत किया गया तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत गोद भराई का कार्यक्रम संपन्न कराया गया। इस दौरान महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर पार्षद धीरज पाल ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के साथ महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ना समाज के स्वस्थ और मजबूत भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रदेश मीडिया सह प्रभारी सावित्री मंगल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा भाव और जनकल्याणकारी सोच से प्रेरणा लेते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आंगन मिलन कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान करने के साथ बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण पर भी ध्यान दिया गया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies