नायब तहसीलदार को सौंपा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। शिक्षा में समान अवसर, सामाजिक न्याय और उच्च शिक्षा से जुड़ी प्रस्तावित नीतियों को लेकर स्वर्ण समाज संघ के बैनर तले शुक्रवार को जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया गया। शताब्दी द्वार से शुरू हुआ जुलूस रोडवेज होते हुए कचहरी पहुंचा। यहां प्रदर्शनकारियों ने नायब तहसीलदार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मांगों पर विचार करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि शिक्षा प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार है और उच्च शिक्षा व्यवस्था में समान अवसर, पारदर्शिता, सामाजिक न्याय एवं समावेशिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। यूजीसी अथवा अन्य शैक्षिक संस्थाओं की ओर से बनाई जाने वाली ऐसी किसी भी नीति, जिससे विद्यार्थियों या समाज के किसी वर्ग के हित प्रभावित होते हों, उसे लागू करने से पहले व्यापक जनपरामर्श और संसदीय चर्चा कराई जानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने उच्च शिक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण नीतियों पर व्यापक जनसुनवाई और हितधारकों से परामर्श, शिक्षा में समान अवसर एवं सामाजिक न्याय के संवैधानिक सिद्धांतों को लागू करने, आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्गों के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति व सहायता बढ़ाने तथा नई शैक्षिक नीतियों के सामाजिक एवं शैक्षिक प्रभावों का सार्वजनिक मूल्यांकन कराने की मांग की।
प्रदर्शन को राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी ने भी समर्थन दिया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शेर सिंह राणा ने यूजीसी की प्रस्तावित नीतियों का विरोध करते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेते समय सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखा जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम संयोजक आशीष शर्मा और राहुल शर्मा इस अवसर पर अश्वनी भारद्वाज,विनय त्यागी,राहुल शर्मा,नरेश त्यागी,ऋषभ अग्रवाल,अमित राणा,आशीष शांडिल्य,गौरख अग्रवाल,सतीश शर्मा,अनूप शर्मा,प्रीति शर्मा,आचार्य रमेश सेमवाल,श्याम कुमार त्यागी,विकास त्यागी आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies