News

9/25/2026 10:35:17 PM

दौलतपुर की बेटियों ने रचा इतिहास, लोअर पीसीएस में चमकाया गांव का नाम

शालू कौरी तहसीलदार तो सपना गोस्वामी बनीं खाद्य आपूर्ति निरीक्षक, साधारण परिवारों से निकलकर हासिल की बड़ी कामयाबी


दैनिक रुड़की (कृष्णपुरी गोस्वामी)::


रुड़की। पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र के दौलतपुर गांव की दो बेटियों ने उत्तराखंड लोअर पीसीएस परीक्षा में सफलता हासिल कर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शालू कौरी का चयन तहसीलदार पद पर, जबकि सपना गोस्वामी का चयन खाद्य आपूर्ति निरीक्षक पद पर हुआ है। दोनों की सफलता की खबर मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।

दौलतपुर निवासी शालू कौरी पुत्री सुशील कौरी ने लोअर पीसीएस परीक्षा में सफलता हासिल कर तहसीलदार पद प्राप्त किया है। शालू के पिता सुशील कुमार टैक्सी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद शालू ने मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया।

इसी गांव की सपना गोस्वामी पुत्री वीरेंद्र बन का चयन खाद्य आपूर्ति निरीक्षक पद पर हुआ है। सपना के पिता खेती करने के साथ ही कोल्हू में मुंशी का कार्य करते हैं। सपना ने भी अपनी मेहनत के बल पर प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल कर परिवार और गांव का मान बढ़ाया है।

दोनों बेटियों की सफलता को लेकर ग्रामीणों में उत्साह है। परिजनों और ग्रामीणों ने इसे गांव के लिए गौरव का क्षण बताया। पिरान कलियर विधायक फुरकान अहमद ने भी शालू कौरी और सपना गोस्वामी को लोअर पीसीएस परीक्षा में चयनित होने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies