News

9/26/2026 1:29:28 PM

माधोपुर विवाद में एक पक्ष ने की कार्रवाई की मांग, पत्रकार वार्ता कर लगाए गंभीर आरोप

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम माधोपुर में गत 12 सितंबर को दो पक्षों के बीच हुए विवाद का मामला एक बार फिर सामने आया है। एक पक्ष के लोगों ने पत्रकार वार्ता कर दूसरे पक्ष पर मारपीट, लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला करने, बाइक क्षतिग्रस्त करने और फायरिंग करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस से मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


पत्रकार वार्ता के दौरान अब्दुल अजीज ने आरोप लगाया कि 12 सितंबर को वह अपनी डेयरी से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान विपक्षी पक्ष के आवेश और सुहेब ने उन्हें गाली दी। इसके बाद वह अपने घर लौट आए। आरोप है कि कुछ देर बाद विपक्षी पक्ष के लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर उनके घर पहुंचे और उनके तथा उनके बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वह और उनके भतीजे घायल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी।


अब्दुल अजीज का यह भी आरोप है कि विवाद के दौरान फायरिंग की गई। उन्होंने दावा किया कि घटना से संबंधित वीडियो और फोटो उनके पास मौजूद हैं, जिन्हें वह साक्ष्य के तौर पर पुलिस के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।वहीं, मोहम्मद असगर ने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष के लोग उनके परिवार के साथ पुरानी रंजिश रखते हैं। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी पक्ष के लोगों के खिलाफ पूर्व में भी झगड़े और बैंक फ्रॉड सहित विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज रहे हैं। उनका आरोप है कि 12 सितंबर को हुए विवाद के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और वे खुलेआम घूम रहे हैं।

मोहम्मद असगर ने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी विपक्षी पक्ष के लोग उनके परिवार के सदस्यों के साथ राह चलते अभद्रता करते हैं और धमकियां देते हैं। इससे परिवार के लोग दहशत के माहौल में हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।हालांकि, मामले में दूसरे पक्ष का पक्ष सामने आना बाकी है। पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies