दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। जगद्गुरु शंकराचार्य राजराजेश्वरम महाराज शनिवार को रामनगर स्थित भाजपा नेता एवं पूर्व भाजपा प्रत्याशी महेंद्र काला के आवास पर पहुंचे। महेंद्र काला और उनके परिवार ने जगद्गुरु का स्वागत किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान आवास पर मौजूद उद्योगपतियों, गणमान्य लोगों और श्रद्धालुओं ने भी जगद्गुरु से आशीर्वाद लिया।
जगद्गुरु शंकराचार्य राजराजेश्वरम महाराज ने कहा कि सनातन हमारी पहचान है और इसका परचम सदैव लहराता रहा है। वर्ष 2027 में हरिद्वार में महाकुंभ का आयोजन होने जा रहा है, जिसे लेकर संत समाज और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ सनातन की पहचान से जुड़ा भव्य आयोजन है और इसे दिव्य एवं भव्य बनाने में प्रत्येक सनातनी को प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से अपना सहयोग देना चाहिए।
मीडिया से बातचीत के दौरान संत समाज से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि संत समाज में किसी के असली या नकली होने का कोई प्रमाण-पत्र नहीं होता। संत, संत होता है।इस अवसर पर महेंद्र काला ने कहा कि उनके लिए यह सौभाग्य की बात है कि जगद्गुरु शंकराचार्य महाराज उनके आवास पर पहुंचे और पूरे परिवार को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि गुरु का आशीर्वाद उनके परिवार के लिए सदैव प्रेरणा और ऊर्जा का स्रोत रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान महेंद्र काला के पुत्र-पुत्री ने भजन प्रस्तुत किया। भजन सुनकर जगद्गुरु ने प्रसन्नता व्यक्त की और दोनों को आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान आदर्श कपानिया, दीपक शर्मा, प्रदोष सिंघल, प्रदीप त्रिकुलम, देशराज अरोड़ा, गौरव काला, सौरभ काला, आशीष आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies