दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। चावमंडी स्थित गौशाला परिसर के सभागार में गौशाला समिति की वार्षिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति की वार्षिक आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत करने के साथ ही गौशाला में सुविधाओं के विस्तार और पनियाला स्थित दूसरे परिसर में नए निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई।
बैठक में समिति सचिव प्रवीण सिंधु ने वार्षिक आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। इसके बाद गौशाला में गायों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं बढ़ाने और आवश्यक निर्माण कार्य कराने के प्रस्तावों पर चर्चा की गई। पनियाला स्थित गौशाला परिसर में गायों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नए निर्माण का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
बैठक में आगामी 17 नवंबर को गोपाष्टमी पर्व धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि गोपाष्टमी के कार्यक्रम को भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों को लेकर अभी से तैयारी शुरू की जाएगी। इसके लिए आयोजन की रूपरेखा और आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में गौशाला सभा के अध्यक्ष प्रमोद गोयल, सचिव प्रवीण सिंधु, कोषाध्यक्ष अमित गोयल, भारत भूषण गुप्ता, वीरेंद्र गर्ग, सत्येंद्र गोयल, पवन सचदेवा, मनोज गोयल, राजकुमार उपाध्याय, बृजमोहन सैनी, पंकज जिंदल, प्रवीण सब्बरवाल और अनिल गोयल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies