दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। रुड़की कोतवाली क्षेत्र के नगला इमरती के पास रविवार शाम करीब 4:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ई-रिक्शा और कार की जोरदार भिड़ंत में ई-रिक्शा सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला और बच्चों समेत छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार ढंडेरा मिलाप नगर निवासी एक परिवार ई-रिक्शा में सवार होकर लक्सर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। जैसे ही ई-रिक्शा नगला इमरती के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे।
हादसे में दिलशाद (32) पुत्र आयूब, अरशद (30) पुत्र रईस अहमद और उमर (5) पुत्र दिलशाद की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
वहीं हादसे में खातिजा (30) पत्नी दिलशाद, नाजमा पत्नी अरशद, आयत (9), आरम (6), आनस (3) और अमायरा (3) घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए रुड़की के विनय विशाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां तीन बच्चों की हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए। नगला इमरती के प्रधान एवं भाजपा नेता रवि राणा भी मौके पर पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। अस्पताल के बाहर परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा रही। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल वाहनों तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की जांच के बाद हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies