मुख्यमंत्री के आदेश पर शुरू हुआ गड्ढामुक्त अभियान सवालों के घेरे में, बीएसएम कॉलेज के सामने सामने आई काम की गुणवत्ता
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से शहर की बदहाल सड़कों को दुरुस्त करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गंगनहर गणेशपुर से रामपुर चुंगी तक क्षतिग्रस्त सड़क के गड्ढों को भरने के लिए पेचवर्क कराया जा रहा है। लेकिन बीएसएम इंटर कॉलेज के सामने कराया गया पेचवर्क एक ही रात में उखड़ गया, जिसके बाद विभागीय कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मौके पर सड़क की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि पेचवर्क की परत सड़क से अलग होकर किनारे जमा हो गई है और बजरी सड़क पर बिखरी पड़ी है। इस व्यस्त मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। सड़क पर बिखरी बजरी के कारण खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। अचानक ब्रेक लगाने या वाहन का संतुलन बिगड़ने पर हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत पर सरकारी धन खर्च किया जा रहा है, ऐसे में काम की गुणवत्ता सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी है। यदि पेचवर्क होने के कुछ ही समय बाद सड़क उखड़ने लगे तो संबंधित कार्य की गुणवत्ता की जांच की जानी चाहिए।
बारिश को बताया वजह
मामले में रुड़की लोक निर्माण विभाग की एई दीपा कुमारी से जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि जिस समय पेचवर्क का कार्य किया गया, उसी दौरान रात में बारिश हो गई थी। यदि कार्य में किसी प्रकार की कमी रह गई है तो संबंधित ठेकेदार से उसे दोबारा ठीक कराया जाएगा।
वहीं, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सोनू त्यागी से भी फोन पर मामले को लेकर जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि उन्हें फिलहाल मामले की जानकारी नहीं है और वह सुबह इस संबंध में जानकारी लेने के बाद बात करेंगे।अब सवाल यह है कि जिस सड़क पर प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं, वहां लाखों रुपये के पेचवर्क की गुणवत्ता की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुरू हुए सड़क सुधार अभियान में यदि मरम्मत का काम कुछ ही घंटों में उखड़ने लगे तो विभाग को इसकी गुणवत्ता की जांच कराकर जिम्मेदारी तय करनी होगी।
वीडियो और मौके की तस्वीरें खुद बयां कर रही हैं कि बीएसएम इंटर कॉलेज के सामने हुए पेचवर्क का फिलहाल क्या हाल है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies