News

10/1/2026 4:37:06 PM

हिंदू संगठन के नेता पर फायरिंग के बाद पुलिस का बड़ा खुलासा, 19 वर्षीय आरोपी तमंचे के साथ गिरफ्तार

मेले के विवाद की रंजिश में चली थी गोली, गंगनहर पुलिस ने आरोपी को दबोचा; 315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद


दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):;


रुड़की। पनियाला-चंदापुर में हिंदू संगठन के नेता विशाल पर जान से मारने की नीयत से की गई फायरिंग के मामले में गंगनहर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय साहिब पुत्र दिलदारा निवासी पनियाला चंदापुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

गंगनहर कोतवाली में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसपी देहात अभय सिंह ने घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को विशाल पुत्र प्रवीण कुमार की ओर से अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जान से मारने की नीयत से फायरिंग किए जाने की सूचना दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सामने आया कि 28 सितंबर को मेले में विशाल और आरोपी के भाइयों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद रंजिश बढ़ी। 30 सितंबर को विशाल की गाड़ी जब आरोपी के सामने से गुजरी और सड़क पर चाउमीन का ठेला होने के कारण गाड़ी धीमी हुई, तभी आरोपी ने कथित तौर पर तमंचे से गोली चला दी और मौके से फरार हो गया।

मुखबिर की सूचना पर दबोचा

पुलिस टीम ने साक्ष्य संकलन और आरोपी की तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर साहिब को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई।

एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले में फायरिंग से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।फायरिंग की घटना के बाद इलाके में मचे हड़कंप के बीच पुलिस की इस कार्रवाई से मामले में नया मोड़ आया है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies