विधायक बोले- चुनाव के बाद जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी जनता की सेवा करना
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के सलेमपुर राजपूताना स्थित वेंकट हॉल में विधायक वीरेंद्र जाति के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्र के लोगों और कार्यकर्ताओं ने विधायक का स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा भी हुई।
विधायक वीरेंद्र जाति ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन पर विश्वास जताया है और वह जनता के इस विश्वास को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपने साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में उनका प्रयास रहा है कि प्रत्येक व्यक्ति का काम हो और सभी को सम्मान मिले। वोट देना या न देना केवल चुनाव तक सीमित होता है, लेकिन चुनाव के बाद जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी होती है कि वह बिना किसी भेदभाव के जनता की सेवा करे।
उन्होंने कहा कि वह हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहेंगे। विधायक ने क्षेत्र में जलभराव की समस्या को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2021 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सलेमपुर, कृष्णानगर और शिवपुरम में जलभराव की समस्या दूर करने की घोषणा की थी, लेकिन यह घोषणा आज तक धरातल पर नहीं उतर सकी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता इसका जवाब देगी।
विधायक ने कहा कि सलेमपुर के मुख्य मार्ग का टेंडर हो चुका है और जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। इसके साथ ही शिवपुरम और कृष्णानगर में भी कुछ सड़कों एवं नालियों के निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे।
कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व प्रधान पदम सिंह सैनी ने कहा कि क्षेत्र में जलभराव और टूटी सड़कों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब दस वर्षों से भाजपा की सरकार है और नगर निगम में भी भाजपा का मेयर है, इसके बावजूद क्षेत्र की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रकाश चंद ने की, जबकि संचालन पदम सिंह सैनी ने किया। इस दौरान पार्षद सरिता सैनी, मनोज सैनी, रवि कपाड़िया, वीर सिंह, शिवचरण, अभय सिंह, शानू, मोहम्मद शमशाद, इस्लाम, प्रवीण कुमार, राजेंद्र सिंह, सुरेश, बाबूराम सैनी, पृथ्वी सिंह, ऋषिपाल सिंह, पवन सैनी, मुकेश, सुलेख चंद सैनी, रामशरण सैनी आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies