ऑपरेशन प्रहार के तहत मंगलौर पुलिस की कार्रवाई, लेनदेन के विवाद में महिला पर किया था हमला
दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। ऑपरेशन प्रहार के तहत मंगलौर पुलिस ने ग्राम नाथूखेड़ी में महिला पर जानलेवा हमला करने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी घटना के बाद से लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और घटना के समय पहना गया गमछा भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नाथूखेड़ी निवासी उर्वशी ने 30 सितंबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उसकी 37 वर्षीय मां पर गांव के ही लेनदेन के विवाद को लेकर शुभम पुत्र कृष्णपाल निवासी ग्राम जाटोला, थाना देवबंद, सहारनपुर ने जान से मारने की नीयत से हमला किया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी भगवान महर ने विशेष पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।इसी क्रम में शनिवार शाम मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी शुभम कुमार को मंगलौर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पैसों के लेनदेन को लेकर हुई कहासुनी के बाद गुस्से में उसने महिला पर हमला किया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और घटना के समय पहना गया गमछा बरामद किया। कोतवाली प्रभारी भगवान महर ने बताया कि आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उप निरीक्षक रविंद्र जोशी, कांस्टेबल रणवीर और कांस्टेबल लाल सिंह शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies