News

10/4/2026 5:31:42 PM

बीटी गंज रामलीला का 107वां मंचन होगा भव्य और दिव्य

आठ अक्टूबर से शुरू होगा रामलीला मंचन, 12 को निकलेगी भव्य राम बरात; 20 अक्टूबर को नेहरू स्टेडियम में होगा दशहरा मेला


दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। बीटी गंज रामलीला समिति की ओर से इस वर्ष रामलीला का 107वां मंचन भव्य और दिव्य रूप में किया जाएगा। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों और संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के साथ विभिन्न प्रमुख आयोजनों को भी आकर्षक रूप दिया जाएगा। रामलीला में इस बार राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) से जुड़े टेलीविजन कलाकार अपने अभिनय का जलवा दिखाएंगे।

रविवार को सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के अध्यक्ष सुबोध गुप्ता और महामंत्री सौरभ सिंघल ने बताया कि पांच अक्टूबर को भूमि पूजन के साथ रामलीला की विधिवत शुरुआत होगी। सात अक्टूबर को मां काली की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जबकि आठ अक्टूबर से रामलीला का मंचन शुरू होगा।

उन्होंने बताया कि 10 अक्टूबर को ताड़का वध का विशेष मंचन होगा, जिसमें दिल्ली और मुजफ्फरनगर के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। 11 अक्टूबर को धनुष यज्ञ का मंचन किया जाएगा। इसके अगले दिन 12 अक्टूबर को भगवान श्रीराम की भव्य राम बरात निकाली जाएगी। राम बरात में आगरा, सहारनपुर, दिल्ली और मेरठ के प्रसिद्ध बैंड तथा आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

70 फीट का होगा रावण का पुतला

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि 20 अक्टूबर को नेहरू स्टेडियम में दशहरा मेले का आयोजन किया जाएगा। यहां रावण वंश के मंचन के बाद रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। रावण का पुतला 70 फीट ऊंचा, जबकि कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतले 55-55 फीट ऊंचे होंगे।

21 अक्टूबर को राम-भरत मिलाप की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद रात्रि में भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ 107वें रामलीला मंचन का समापन होगा। इस वर्ष रामलीला की थीम ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ रखी गई है।पत्रकार वार्ता में प्रदीप परूथी, शशिकांत अग्रवाल, नवनीत गर्ग, विशाल गुप्ता, विपिन अग्रवाल, अभिषेक मित्तल, रजनीश गोयल, संजीव अग्रवाल, वैद्य टेकबल्लभ, पीयूष जैन, आलोक शुक्ला,मनोज अग्रवाल शेखर सिंघल अभिषेक मित्तल अमन अग्रवाल सत्येंद्र गोयल शौर्य प्रताप दीपक शुक्ला गोलू शर्मा विपिन सिंघल  आदि जैन हिमांशु नौटियाल शोभित कुचछल आदि मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies