News

10/4/2026 6:15:01 PM

उत्तराखंड और पश्चिमी UP से जुटीं जागरण मंडलियां, जय माता दी के जयकारों से गूंजा रुड़की का दुर्गा चौक



दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::

रुड़की। दुर्गा चौक पर रुड़की जागरण एकता परिवार मंडल की ओर से माता रानी की 12वीं विशाल चौकी एवं भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से पहुंचे जागरण मंडलियों और कलाकारों ने मां भगवती का गुणगान कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।


भजन संध्या में दिल्ली से पहुंचे प्रसिद्ध गायक दीपक राणा तथा हरिद्वार के सुर-साज ग्रुप ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके अलावा विकासनगर, देहरादून, हरिद्वार, सहारनपुर, ऋषिकेश, देवबंद और झबरेड़ा सहित विभिन्न स्थानों से आए जागरण मंडलों के कलाकारों ने भी मां भगवती के भजनों की सुंदर प्रस्तुतियां दीं। रुड़की जागरण एकता परिवार के कलाकारों ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।


चौकी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता रानी के दरबार में माथा टेका और आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं ने मां भगवती से रुड़की नगर सहित देश-प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। कार्यक्रम के दौरान पूरा दुर्गा चौक जय माता दी के जयकारों और भजनों से गूंजता रहा।


आयोजन में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा, चेरब जैन, गौरव गोयल, अक्षय प्रताप, प्रणय प्रताप, नवीन जैन, पूजा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में शहरवासी और जागरण एकता परिवार से जुड़े लोग मौजूद रहे।

आयोजकों ने कहा कि मां भगवती की चौकी का उद्देश्य समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक एकता को मजबूत करना और सभी के जीवन में सुख-शांति की कामना करना है। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को “जय माता दी” कहकर माता रानी का आशीर्वाद लिया।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies