
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। धनौरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज में सोमवार को शौचालय की दीवार ढहने से मलबे में दबे पीएसी जवान की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद जवान को गंभीर हालत में मलबे से निकालकर उपचार के लिए हायर सेंटर ले जाया गया था, जहां उसने दम तोड़ दिया।
बताया गया कि अमृत लॉ कॉलेज में पीएसी की एक कंपनी ठहरी हुई थी। सोमवार को कॉलेज परिसर में शौचालय का हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया था। उस समय शौचालय में मौजूद पीएसी का जवान मलबे में दब गया था। सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा था और कड़ी मशक्कत के बाद जवान को मलबे से बाहर निकाला गया था।
गंभीर हालत को देखते हुए जवान को तत्काल हायर सेंटर भेजा गया था, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। उपचार के दौरान जवान की मौत हो गई।एसपी देहात अभय प्रताप सिंह ने पीएसी जवान की मौत की पुष्टि की है। जवान की मौत की सूचना के बाद पीएसी और पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies