परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस, सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों से पूछताछ
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। थाना क्षेत्र में रेन बसेरे में ठहरे एक परिवार की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने से पुलिस में हड़कंप मच गया। बच्ची की उम्र छह या सात वर्ष बताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है। वहीं आरोपी की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।
बताया गया कि बच्ची अपने परिजनों के साथ रेन बसेरे में ठहरी हुई थी। देर रात बच्ची के साथ घटना होने की जानकारी परिजनों को हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ बहादराबाद देवव्रत जोशी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना के समय बच्ची के परिजन लंगर लेने के लिए गए हुए थे।एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि घटना की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करेगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies