News

10/7/2026 4:12:20 PM

श्रमिक प्रदेश के विकास की रीढ़, उनके कल्याण के लिए सरकार संवेदनशील : सुशील त्यागी

मंगलौर में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के कार्यक्रम में श्रमिकों को वितरित की गईं उपयोगी किट

मंगलौर। कृषि मंडी मंगलौर में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड, उत्तराखंड की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं किसान पुत्र सुशील त्यागी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न उपयोगी किटों का वितरण किया।

सुशील त्यागी ने कहा कि श्रमिक प्रदेश के विकास की रीढ़ हैं। उनके परिश्रम और मेहनत से प्रदेश के निर्माण एवं विकास को नई गति मिलती है। श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए भाजपा सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने श्रमिकों और गरीब वर्ग के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। श्रमिकों को उपयोगी किट का वितरण भी इसी जनकल्याणकारी सोच का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। श्रमिकों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीब परिवारों के हितों को प्राथमिकता देते हुए सरकार उत्तराखंड को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

सुशील त्यागी ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी की सरल और संवेदनशील कार्यशैली के कारण जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने का काम तेजी से हो रहा है। भाजपा सरकार श्रमिकों के सम्मान और उनके परिवारों के बेहतर भविष्य के लिए आगे भी लगातार कार्य करती रहेगी।

उन्होंने श्रमिकों से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और पात्र श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies