News

10/8/2026 8:51:16 PM

नवरात्रि में मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग की नजर, कुट्टू आटे समेत सात नमूने जांच को भेजे


दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::

रुड़की। नवरात्रि पर्व के मद्देनजर व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न दुकानों पर निरीक्षण अभियान चलाकर विभागीय टीम ने कुट्टू के आटे, सिंघाड़े के आटे और सेंधा नमक के नमूने लिए हैं। सभी नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजा गया है।


खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडे ने बताया कि अभियान के दौरान पतंजलि, अमर, दीपक और Whole Farm ब्रांड के कुट्टू आटे, अमर ब्रांड के सिंघाड़े के आटे तथा Tata ब्रांड के सेंधा नमक के नमूने लिए गए हैं। नमूनों की प्रयोगशाला जांच के बाद रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


उन्होंने बताया कि दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि ग्राहकों को वही पैक्ड खाद्य सामग्री बेची जाए, जिस पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और निर्माता का पूरा पता स्पष्ट रूप से अंकित हो। विशेष रूप से दुकानदारों को पुराने अथवा एक्सपायरी डेट के खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।


खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडे ने चेतावनी दी कि यदि किसी दुकानदार के यहां एक्सपायरी डेट का माल, खराब गुणवत्ता की खाद्य सामग्री अथवा नियमों के विपरीत पैकिंग और लेबलिंग वाला सामान पाया जाता है तो उसके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि नवरात्रि जैसे पर्व के दौरान ग्राहकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ न करें और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर विशेष सावधानी बरतें।


खाद्य विभाग के इस अभियान से व्रत सामग्री की बिक्री करने वाले दुकानदारों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और प्रयोगशाला जांच में नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


विभागीय अधिकारियों के मुताबिक नवरात्रि के दौरान कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा और सेंधा नमक जैसी सामग्री की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को भी खरीदारी करते समय पैकेट की मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट, पैकेजिंग तथा लेबल जरूर जांचना चाहिए।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies