भाजपा की संगठनात्मक बैठक में जनसंपर्क और जनसेवा पर जोर, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश सह प्रभारी एवं सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और जनता से निरंतर संपर्क के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
शुक्रवार को भाजपा जिला रुड़की कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक में प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, जिला प्रभारी आदित्य चौहान, जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, राज्यमंत्री श्याम वीर सैनी समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
बांसुरी स्वराज ने कहा कि भाजपा की विचारधारा और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए आपसी समन्वय और अनुशासन के साथ काम करना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नियमित जनसंपर्क बनाए रखने और संगठन के उद्देश्यों को लेकर पूरी सक्रियता से काम करने पर जोर दिया।
जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि भाजपा सरकार जनहित और विकास को प्राथमिकता देकर कार्य कर रही है। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को गति मिलती है और आमजन का विश्वास मजबूत होता है।

जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि रुड़की जिले में मंडल से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं की सहभागिता बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की अपील की।

जिला प्रभारी आदित्य चौहान ने संगठन की मजबूती के लिए नियमित बैठकों, कार्यों की समीक्षा और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर संवाद को आवश्यक बताया। बैठक में संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करने के साथ आगामी गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।

इस दौरान कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, मयंक गुप्ता, राजपाल सिंह,विभोर सेठी, सोनू धीमान, संजीव तोमर, डॉ. सौरभ गुप्ता, प्रिया प्रवेश, सतीश सैनी, नवनीत सिंह, मधुप त्यागी, सचिन झबरेड़ी, प्रतिभा चौहान, नितिन गोयल, पंकज नंदा, कदम सिंह, आलोक गौतम, अंकित गौतम, गीता मलिक, रोमा सैनी, अमन त्यागी, मास्टर सत्यपाल, दिनेश कौशिक, राजेश सैनी, सोहन सिंह राणा, सावित्री मंगला, आदित्य रोड, सुदेश चौधरी, नीलकमल शर्मा, राहुल मुल्तानी, आदित्य बृजवाल, धीर सिंह, अमीलाल वाल्मीकि, तेज सिंह सैनी, बृजमोहन सैनी, भगत सिंह, राजन गोयल, अभिषेक चंद्रा, डॉ. आशुतोष सिंह और प्रदीप पाल सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री सागर गोयल और अक्षय प्रताप ने किया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies