News

10/10/2026 1:35:03 PM

चार दिन बाद खुली सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, काम पर लौटे कर्मचारी

मेयर, नगर आयुक्त और पार्षदों के साथ लंबी वार्ता के बाद बनी सहमति, शहर की सफाई व्यवस्था पटरी पर लौटने की उम्मीद

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की पिछले चार दिनों से चल रही हड़ताल शनिवार को लंबी वार्ता के बाद समाप्त हो गई। कर्मचारियों और नगर निगम प्रशासन के बीच सहमति बनने के बाद सभी सफाई कर्मचारी काम पर लौट गए। हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई थी और जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए थे। कर्मचारियों की हड़ताल को कांग्रेस ने भी समर्थन दिया था।

सफाई कर्मचारी थर्ड पार्टी व्यवस्था और वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर हड़ताल पर थे। वहीं, मेयर अनीता अग्रवाल, नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल और पार्षद लगातार कर्मचारियों से वार्ता कर हड़ताल समाप्त कराने के प्रयास में जुटे थे। शनिवार सुबह एक बार फिर सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक हुई। लंबी बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई और कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने का निर्णय लिया।

मेयर अनीता अग्रवाल और प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल ने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर निगम परिवार का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारी बाहरी तत्वों के बहकावे में आ गए थे, लेकिन वार्ता के दौरान उन्हें समझा दिया गया और अब सभी के बीच सहमति बन गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कंपनी अपना काम करती रहेगी। हालांकि, निगम कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न या अभद्रता होने पर नगर निगम की ओर से कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के साथ बातचीत के बाद सहमति बन गई है। कर्मचारियों की जो मांगें शासन स्तर से संबंधित हैं, उन्हें शासन को भेज दिया गया है। हड़ताल समाप्त होने के बाद अब शहर की सफाई व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies