
पिस्टल दिखाकर धमकाने का आरोप, पुलिस मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में
दैनिक रुड़की ब्यूरो::
रुड़की।आईआईटी रुड़की में शुक्रवार रात आयोजित थॉम शो से लौट रहे भाई-बहन के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि शो के दौरान कुछ युवकों ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ की। भाई ने विरोध किया तो युवकों ने उसे धमकी दी। देर शाम होटल पोलरिस के समीप आरोपित युवकों ने भाई-बहन को रोककर मारपीट की और पिस्टल दिखाकर धमकाया।

सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी नाबालिग बेटी अपने भाई के साथ आईआईटी रुड़की में आयोजित थॉम शो देखने गई थी। आरोप है कि वहां कुछ युवकों ने उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की। भाई ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उसे देख लेने की धमकी दी।
आरोप है कि देर शाम जब दोनों आईआईटी परिसर से बाहर निकले तो होटल पोलरिस के समीप पहले से मौजूद युवकों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान किशोरी के साथ अश्लील हरकतें करने और विरोध करने पर पिस्टल दिखाकर धमकाने का भी आरोप है।
किसी तरह भाई-बहन वहां से बचकर निकले और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। मारपीट में घायल किशोर को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।
सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि किशोरी से युवकों द्वारा कोई बात कहे जाने पर उसके भाई ने विरोध किया था, जिसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies