News

10/10/2026 3:21:56 PM

कलियर में इप्टा की टीम ने दिया अमन और भाईचारे का संदेश-नुक्कड़ नाटक और गीतों से बालिका शिक्षा, नशाबंदी व नफरत के खिलाफ जगाई अलख...

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::



पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक में भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) उत्तर प्रदेश की टीम ने हाजिरी देकर देश में अमन, शांति और सांप्रदायिक सौहार्द की दुआ मांगी। शनिवार को लखनऊ से पहुंची टीम ने कविताओं, गीतों और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शिक्षा को बढ़ावा देने, नशाबंदी और नफरत के खिलाफ लोगों को जागरूक किया।

उत्तर प्रदेश इप्टा की प्रांतीय उपाध्यक्ष सुमन श्रीवास्तव और शायर ओम प्रकाश 'नदीम' के नेतृत्व में बालिकाओं ने दरगाह में फूल पेश करने बाद पीपल चौक पर लघु नुक्कड़ नाटक और गीत प्रस्तुत कर प्रेम, ज्ञान और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। बालिकाओं ने 'ढाई आखर प्रेम के, पढ़ने और पढ़ाने आए हैं, हम भारत से नफरत का हर दाग मिटाने आए हैं' जैसे गीतों से लोगों को प्रभावित किया।अंतरराष्ट्रीय शायर अफजल मंगलोरी ने कहा कि हजरत साबिर पाक ने सदियों पहले प्रेम, मानवता और सद्भाव का संदेश दिया था। इप्टा इसी विचारधारा को अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभर में आगे बढ़ा रही है।इस दौरान शिवी सिंह, कविता यादव, गरिमा सिंह, आंचल सिंह, सोनी यादव और सविता यादव ने प्रस्तुतियां दीं। दरगाह पहुंचने पर प्रभारी सद्दाम अली, ओम प्रकाश 'नूर', सैयद इंतेखाब, राव शारिक, मोहम्मद हारून, राव सिकंदर, शशि कुमार सैनी, जमशेद जिम्मू और असलम कुरैशी समेत अन्य लोगों ने टीम का स्वागत कर प्रसाद भेंट किया।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies